रांची: झारखंड राज्य स्तरीय पंचायत सचिवालय स्वयंसेवक (पंचायत सहायक) संघ के आह्वान पर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर रांची के नागा बाबा खटाल स्थित धरना स्थल पर एक दिवसीय विशाल धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस प्रदर्शन में राज्य भर के हजारों पंचायत सहायकों ने हिस्सा लिया, जिसमें बड़कागांव प्रखंड के सहायकों की भी सक्रिय भागीदारी रही।
बड़कागांव प्रखंड के विभिन्न पंचायतों से आए पंचायत सहायकों ने अपनी एकजुटता दिखाते हुए सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से नितेश कुमार (बादम), बिरेंद्र कुमार महतो (आंगो),शंकर कुमार साव (तलसवार),महुगाईकलां: श्याम कुमार भार्गव ( महुॅंगाई), राजू कुमार दाँगी(सांढ़),अनिल कुमार मांझी (पोटंगा) शामिल हुए।
धरना प्रदर्शन के दौरान सहायकों ने स्पष्ट किया कि वे लंबे समय से अल्प मानदेय और अनिश्चित भविष्य के बीच कार्य कर रहे हैं। उनकी मुख्य मांगों में नियमितीकरण, उचित मानदेय का निर्धारण और सेवा शर्त नियमावली को लागू करना शामिल है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पंचायत सचिवालय के माध्यम से वे सरकार की तमाम योजनाओं को धरातल पर उतारने का काम करते हैं, लेकिन उनकी सुध लेने वाला कोई नहीं है। बड़कागांव से आए प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है, तो यह आंदोलन और भी उग्र रूप धारण करेगा।