6 May 2026, Wed

पतसा गांव में मजदूर परिवारों को मिले वस्त्र एवं अन्य सामग्री,लगातार 55 दिन से चल रहा है सहायता अभियान “आइये खुशियां बांटें”

शेयर करें

अनुप सिंह

गढ़वा: सदर प्रखंड के पतसा गांव में आज निरंतर संचालित सामाजिक सहायता अभियान के अंतर्गत मजदूर एवं जरूरतमंद परिवारों के बीच गर्म वस्त्र एवं दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री का वितरण किया गया। इस दौरान बच्चों से लेकर महिलाओं एवं बुजुर्गों तक को ठंड से बचाव हेतु विभिन्न प्रकार के वस्त्र उपलब्ध कराए गए।

वितरित सामग्री में स्वेटर, जैकेट, जींस, शर्ट, फ्रॉक, कुर्ता, पैंट, मोजा, टोपी एवं चप्पल सहित अन्य आवश्यक वस्तुएं शामिल थीं। सहायता पाकर लाभार्थियों के चेहरों पर राहत और संतोष की झलक साफ दिखाई दी।

इस अवसर पर कार्यक्रम के समन्वयक अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने कहा कि यह अभियान समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। जरूरतमंद परिवारों को ठंड के मौसम में किसी प्रकार की परेशानी न हो, यही इसका मुख्य लक्ष्य रहा है। बताया कि उक्त अभियान पिछले 55 दिनों से लगातार जारी है जिसमें अब तक हजारों जरूरतमंदों के चेहरों पर खुशियां लाने का प्रयास किया गया।

उन्होंने बताया कि यह अभियान आगे भी लगातार विभिन्न गांवों में संचालित किया जाता रहेगा और जरूरतमंद वर्ग के बीच इसी तरह सहायता पहुंचाई जाती रहेगी।

स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन और समाज की इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए इसे गरीब एवं श्रमिक परिवारों के लिए संबल बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *