रमना:प्रखंड के भागोडीह पंचायत अंतर्गत झूरहा टोला निवासी एवं क्षेत्र के प्रतिष्ठित पैथोलॉजी संचालक उदय मेहता (50 वर्ष) का इलाज के क्रम में एसएमसी भिलोर में निधन हो गया। पिछले लगभग एक माह से बल्ड कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से संघर्ष कर रहे थे। उदय मेहता को क्षेत्र में एक सफल ईमानदार और मेहनती व्यवसायी के रूप में जाना जाता था। सीमित संसाधनों से शुरुआत कर उन्होंने अपनी मेहनत, लगन और ईमानदारी के बल पर पैथोलॉजी के क्षेत्र में एक अलग पहचान बनाई थी। उनका केंद्र न केवल सफलतापूर्वक संचालित हो रहा था। बल्कि आम लोगों के बीच विश्वास और भरोसे का प्रतीक भी था। वे अपने सरल, मृदुभाषी और मिलनसार स्वभाव के कारण हर वर्ग में लोकप्रिय थे। सामाजिक कार्यों में उनकी भागीदारी हमेशा अग्रणी रहती थी। जरूरतमंदों की सहायता करना, सामाजिक कार्यक्रमों में सहयोग देना और लोगों की सेवा करना उनके जीवन का अहम हिस्सा था।उनके निधन की सूचना मिलते ही पूरे रमना प्रखंड सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई।
बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, व्यवसायी एवं आम लोग उनके आवास पर पहुंचकर शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना देते नजर आए.इसके पश्चात उनका अंतिम संस्कार स्थानीय नदी तट पर किया गया। जहां नम आंखों से सैकड़ों की संख्या में उन्हें अंतिम विदाई दी।उदय मेहता का निधन न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। इस घटना के बाद प्रमुख प्रतिनिधि अजीत सोनी,झामुमो प्रखंड अध्यक्ष बिशेश्वर मेहता, विधायक प्रतिनिधि रोहित वर्मा,मुन्ना प्रसाद,बबलू गुप्ता,धनंजय प्रसाद गुप्ता,विनय सोनी,मनीष मेहता,मुन्ना सिंह,अमित सोनी सहित कई लोग घर पहुंचकर शोक जताया।