1 Mar 2026, Sun

थाना प्रभारी ने अव्यवस्था फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी

शेयर करें

नागरिकों से अपील की कि वे एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करें और सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी से बचें:आकाश कुमार

हुड़दंगियों पर रहेगी पुलिस की पैनी नजर

उमेश कुमार

रमना:आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर रविवार को थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचला अधिकारी विकास कुमार पांडे ने की, जबकि संचालन समाजसेवी रामचंद्र राम ने किया। बैठक को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी आकाश कुमार ने स्पष्ट कहा कि होली के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रखंड के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस पदाधिकारी और जवान लगातार गश्त पर रहेंगे।

विशेष रूप से हुड़दंगियों, नशे की हालत में हंगामा करने वालों और जबरन रंग लगाने जैसे कृत्यों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। थाना प्रभारी ने यह भी चेतावनी दी कि सोशल मीडिया या अन्य किसी माध्यम से अफवाह फैलाने, भ्रामक पोस्ट साझा करने या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। बैठक के दौरान अध्यक्षता कर रहे प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी विकास कुमार पांडे ने कहा कि होली प्रेम, भाईचारे और आपसी सौहार्द का पर्व है। इसे मिल-जुलकर मनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से अपील की कि वे एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करें और शांति व सद्भाव बनाए रखते हुए त्योहार मनाएं।

बैठक में पुलिस प्रशासन की ओर से एसआई जयप्रकाश गुप्ता, आशीष जायसवाल, आलोक कुमार, ओम प्रकाश एवं एएसआई राकेश सिंह, अवधेश उपाध्या, अमरेश यादव मौजूद थे। इसके अलावा क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि और प्रबुद्ध नागरिक भी शामिल हुए। उपस्थित लोगों में विधायक प्रतिनिधि रोहित वर्मा , सांसद प्रतिनिधि प्रभात कुमार , जेएमएम प्रखंड अध्यक्ष विशेश्वर मेहता, मुखिया पति बिरंचि पासवान ,सिलीदाग मुखिया अनीता देवी , पंचायत समिति सदस्य सीता देवी, सहित अन्य स्थानीय सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *