कांडी प्रखंड अंतर्गत चटनीया पंचायत के पिपरडीह गांव की बेटी खुशबू लक्ष्मी ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा में 977वीं रैंक प्राप्त कर प्रखंड ,जिले और राज्य का नाम रोशन किया है। उनके इस अभूतपूर्व उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में हर्ष और गौरव की लहर दौड़ गई है।
खुशबू लक्ष्मी के पिता कृष्ण मुरारी पांडेय एक साधारण किसान हैं, जो स्टेट रेंडिंग (डिपो) का कुछ दिनों तक कार्य किए उसके पश्चात सहारा के एजेंट के रूप में मेहनत कर अपने चार बच्चों को शिक्षित कर रहे हैं। उनकी माता का नाम किरण पांडेय है। खुशबू तीन बहनों में सबसे छोटी बहन हैं उसके बाद एक छोटा भाई है।
खुशबू की प्रारंभिक शिक्षा पश्चिमी सिंहभूम के गोइलकेरा में हुई, हाई स्कूल ज्ञान निकेतन, गढ़वा और इंटरमीडिएट गोपीनाथ महिला कॉलेज, गढ़वा से पूरी की। इसके बाद उन्होंने मणिपाल यूनिवर्सिटी से बीसीए और राउरकेला से एमसीए की पढ़ाई पूरी की। 2019 से वे दिल्ली में रहकर यूपीएससी की तैयारी कर रही थीं और पहले ही प्रयास में सफलता हासिल कर ली।
खुशबू की सफलता पर न केवल उनके परिवार में बल्कि पिपरडीह, गोइलकेरा और पूरे गढ़वा जिले में खुशी का माहौल है। लोग उनके घर पहुंचकर उन्हें बधाइयां दे रहे हैं और सोशल मीडिया पर भी उनके लिए शुभकामनाओं का तांता लगा हुआ है। खुशबू लक्ष्मी की यह सफलता न केवल उनके माता-पिता के संघर्षों को सलाम करती है बल्कि जिले की बेटियों के लिए प्रेरणा बनकर सामने आई है। उनके पिता भावुक होते हुए कहते हैं, “आज मेरी बेटी ने पूरे परिवार का मान बढ़ाया है, अब मेरा सिर गर्व से ऊंचा हो गया है।”
खुशबू के छोटे भाई की पढ़ाई भी जारी है और पूरा परिवार वर्तमान में गोइलकेरा में ही रह रहा है। किसान परिवार से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर परचम लहराना सचमुच एक प्रेरणादायी उपलब्धि है।
गढ़वा की धरती ने एक और सितारा दिया है, जो आने वाली पीढ़ियों को रास्ता दिखाएगा और साबित करेगा कि संकल्प और मेहनत से कोई भी सपना हकीकत बन सकता है।