कांडी थाना क्षेत्र के सोनपुरा गांव निवासी एक युवक की मोटरसाइकिल से धक्का लगने के बाद मृत्यु हो जाने को लेकर थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। सूचक मृतक के पिता ने थाना प्रभारी से मामले की गहन जांच करते हुए न्याय की गुहार लगाई है। मालूम हो कि 30 मई 2025 की रात 8:00 बजे एक मोटरसाइकिल जेएच 14 जे 9435 के द्वारा शॉच करके वापस लौट रहे संजय राम पिता राम गहन राम उम्र 37 वर्ष को मोटरसाइकिल चला रहे महेंद्र कुमार साव पिता स्वर्गीय बैजनाथ साव निवासी ग्राम करकट्टा थाना मझिआंव जिला गढ़वा ने बहुत तेज व लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए जोरदार धक्का मार दिया। जिससे संजय राम गंभीर रूप से घायल हो गया। जिससे उसकी मृत्यु हो गई। इस मामले को लेकर रामगहन राम ने मंगलवार को कांडी थाना में आवेदन देकर मामले की विस्तार से जानकारी देते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने थाना प्रभारी से इस दुखद घटना की जांच करते हुए न्याय की गुहार लगाई है। घटना के तत्काल बाद मिली जानकारी के अनुसार ट्रिपल राइड मोटरसाइकिल सवार ने संजय को जोरदार धक्का मारा था।
जिससे उसे गंभीर चोट आई थी। इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अस्पताल माझिआंव ले जाने पर गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने सदर अस्पताल गढ़वा रेफर कर दिया। वहां से भी गंभीर हालत में इसे मेदनी नगर रेफर कर दिया गया। मेदिनीनगर सदर अस्पताल में इसको देखते ही मृत घोषित कर दिया गया। इसका कहीं भी इलाज करने की स्थिति नहीं रही। प्रत्यक्ष दर्शियों के अनुसार घटना के बाद दो व्यक्ति मौके से ही गाड़ी छोड़कर फरार हो गए थे। जबकि गाड़ी का चालक इलाज कराने के नाम पर गढ़वा तक साथ गया। लेकिन काफी गंभीर हालत सुनने पर वहां से भी वह गायब हो गया। पुलिस गाड़ी जब्त कर थाना ले लाई है।
इस संबंध में थाना प्रभारी अविनाश राज ने कहा कि इस मामले को लेकर थाना कांड संख्या 49/25 दर्ज कर लिया गया है। इसके बाद अनुसंधान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।