6 Jul 2025, Sun

सतबहिनी झरना तीर्थ में हुई बैठक,शीघ्र ही लगेगा 6 हाई मास्ट लाइट : विधायक

शेयर करें

दो मंजिला मंदिर के सुंदरीकरण के बाद श्री राम दरबार की स्थापना एवं प्राण प्रतिष्ठा होगी

अनुप सिंह

कांडी : प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सतबहिनी झरना तीर्थ में विकास समिति की पूर्व निर्धारित बैठक की गई। समिति के अध्यक्ष व स्थानीय विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने इसकी अध्यक्षता की। इस दौरान समिति के सभी कोटि के सदस्यों के साथ-साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु आमजन भी उपस्थित थे। बैठक में मां सतबहिनी झरना तीर्थ एवं पर्यटन स्थल विकास समिति के सचिव पंडित मुरलीधर मिश्र, समिति के अन्य सदस्य एवं आम जनों ने विधायक नरेश प्रसाद सिंह का भव्य स्वागत किया। उन्होंने कहा कि भगवती ने अपने सेवक एवं वरद पुत्र को इस स्थल के साथ-साथ संपूर्ण क्षेत्र की सेवा करने का मौका दिया है। बिना किसी पद पर रहते हुए 10 सालों से विधानसभा क्षेत्र के सभी सात प्रखंडों में आपके द्वारा निजी राशि से किए गए विकास एवं जन कल्याणकारी कार्य से यह स्वत: सिद्ध होता है कि आजादी के बाद से विकास के लिए तरस रहे इस क्षेत्र का निश्चित रूप से सर्वांगीण विकास होगा। सचिव ने पर्यटन स्थल की व्यवस्था एवं आगामी योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यहां पर रंग-बिरंगी लाइटिंग के साथ चिल्ड्रेन पार्क एवं फव्वारा का निर्माण किया जाना अति आवश्यक है। बाहर से आने वाले पर्यटक इस तरह के चीजों की मांग कर रहे हैं। इसका निर्माण होने से अभी केवल पर्यटक जो दिन में आकर शाम ढलने से पहले वापस चले जाते हैं। वह देर शाम तक लाइटिंग में फव्वारा एवं चिल्ड्रेन पार्क का आनंद लेने के लिए यहां पर निश्चित रूप से समय देंगे। इसके साथ ही झरना घाटी में बोटिंग की व्यवस्था, यज्ञ मंडप से श्री बजरंगबली मंदिर एवं मेला मैदान में जाने के लिए एक झूला पुल के निर्माण की आवश्यक है। इसके साथ ही पर्यटन स्थल पर पहुंचने से पहले पुल से पश्चिम की तरफ मेला मैदान होते सतबहिनी अस्पताल तक सड़क का निर्माण अति आवश्यक है। मालूम हो कि निर्माणाधीन अस्पताल की बिल्डिंग का निर्माण पूरा होने के बाद इसे स्वास्थ्य विभाग को हैंडओवर कर दिया गया। सिविल सर्जन से यहां स्वास्थ्य व्यवस्था चालू करने की मांग करने पर उन्होंने कहा कि सड़क का निर्माण नहीं होने से वहां तक पहुंचने में कठिनाई है। आप लोग किसी योजना से सड़क का निर्माण करा दें तो अस्पताल चालू हो जाएगा।

उल्लेखनीय है कि करीब एक साल से डॉक्टर राजू कुमार सतबहिनी हेल्थ सेंटर के नाम पर कांडी में ड्यूटी कर रहे हैं। लेकिन उनकी पोस्टिंग सतबहिनी में है। आर्थिक स्थिति की चर्चा करते हुए सचिव ने कहा कि दैनिक खर्च के अलावा भवन निर्माण का बकाया है। इसके अलावा गौशाला के स्थान पर कार्यालय का निर्माण हो गया। इसलिए गौशाला का निर्माण आवश्यक है। अपने संबोधन में मां सतबहिनी झरना तीर्थ एवं पर्यटन स्थल विकास समिति के अध्यक्ष तथा विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने सबका स्वागत करते हुए कहा कि गौशाला का निर्माण जल्दी होगा। इसके साथ उन्होंने कहा कि आधा दर्जन हाई मास्ट लाइट जल्द ही लगाया जाएगा। इसके अलावा चिल्ड्रेन पार्क फव्वारा एवं लाइटिंग की व्यवस्था के लिए भी प्रस्ताव रखा जाएगा। जो समय आने पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दो मंजिला मंदिर के दोनों मंजिलों का पहले सुंदरीकरण किया जाएगा। इसके बाद श्री राम दरबार की प्रतिमा स्थापित करके उसकी प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। इसके लिए एक टीम गठित कर अंशदान संग्रह के लिए भ्रमण किया जाएगा। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू होगा। उन्होंने कहा कि पुजारी को रहने के लिए एक कमरा एवं राज भोग की व्यवस्था भी की जाएगी। इस मौके पर सुदर्शन तिवारी, डॉक्टर प्रमोद कुमार सिंह, अवधेश प्रसाद गुप्ता, रघुनंदन राम, सुखदेव शाह, विनोद कुमार सिंह, श्याम नारायण सिंह, मिथिलेश सिंह, पारसनाथ सिंह, उपेंद्रनाथ तिवारी, बैजनाथ पांडे, मुखिया पांडे सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित थे। इस मौके पर सचिव महोदय ने वित्तीय वर्ष 2025 – 26 के दो महीने अप्रैल एवं मई का आय व्यय भी प्रस्तुत किया। इस मौके पर कोरगार्ईं निवासी सच्चिदानंद पांडेय एवं रतनगढ़ निवासी संजय कुमार सिंह ने समिति की विशिष्ट स्थाई सदस्यता ग्रहण की। समिति में उनका हार्दिक स्वागत किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *