कांडी प्रखण्ड क्षेत्र अंतर्गत घटहुआँ कला गांव स्थित दोहरी आहर पर महुआ के पेड़ के समीप पीसीसी पथ टूट जाने के कारण लोगों का आवागमन बाधित हो गया है। पंचायत के उप मुखिया संतोष कुमार गुप्ता के नेतृत्व में दर्जनों युवकों ने रविवार को एकत्रित होकर टूटी सड़क की जानकारी दी। उपस्थित लोगों ने विधायक नरेश प्रसाद सिंह से मीडिया के माध्यम से सड़क निर्माण कराने की मांग की है। उप मुखिया संतोष कुमार गुप्ता ने बताया कि यह पीसीसी पथ काफी पुरानी है। जहां-तहां घुटने भर गढा हो चुका है। यह सड़क लमारी खुर्द स्थित संख्वा मोड़ व सतबहिनी झरना तीर्थ स्थल के मुख्य द्वार को जोड़ती है। हजारों गांवों के लोग इस सड़क से आवागमन करते हैं। आहर में डूबे पानी के कारण रिसाव हो कर पीसीसी सड़क टूट गई है, जिससे लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जबकि प्रिंस कुमार सिंह ने बताया कि आहर के किनारे गाइड वाल नहीं होने के कारण पीसीसी सड़क टूट गई है। अब लोगों को आवागमन करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
वर्तमान विधायक से सड़क को जल्द ठीक करवाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह सड़क संख्वा मोड़ से सतबहिनी झरना तीर्थ स्थल के मुख्य द्वार तक कालीकरण कराई जाए। उपस्थित सभी लोगों ने कालीकरण सड़क निर्माण कार्य होने पर जोर दिया। वहीं स्थानीय दीपक कुमार ने बताया कि मैं अपने घर से बाइक से सेतो गांव किसी काम से जा रहा था। अचानक बाइक टूटी सड़क में जा गिरी, जिससे मेरा हाथ फ्रेक्चर हो गया। साथ ही छाती में काफी चोटें आईं। उपस्थित लोगों ने कहा कि टूटी सड़क के कारण किसी के साथ बड़ी दुर्घटना हो सकती है। मौके पर युवा समाजसेवी अभिषेक कुमार गुप्ता, जित्येन्द्र गुप्ता, उदित कुमार बैठा, दिनेश कुमार विश्वकर्मा, सुजीत कुमार गुप्ता, अंकित कुमार, हेमंत कुमार सहित काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।