कांडी : प्रखंड क्षेत्र के बलियारी गांव के किसानों ने खेतों तक सुचारू सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने हेतु विद्युत विभाग से बिजली के तार, पोल और ट्रांसफार्मर लगाने की गुहार लगाई है। इस संबंध में भाजपा नेता एवं ग्रामीणों ने विद्युत कार्यपालक अभियंता (गढ़वा) को एक मांग पत्र सौंपा है। 50 किसानों ने कराया है एग्रीमेंट, फिर भी सुविधाओं का अभाव हो गया है भाजपा मंडल अध्यक्ष शशिरंजन दुबे ने बताया कि बलियारी गांव के लगभग 50 किसानों ने सिंचाई के लिए विद्युत मोटर का औपचारिक एग्रीमेंट कराया है और वे नियमित रूप से बिजली बिल का भुगतान भी कर रहे हैं। इसके बावजूद, अब तक विभाग द्वारा खेतों तक बिजली का स्थायी कनेक्शन नहीं पहुंचाया गया है। वर्तमान में किसान बांस-बल्ली के सहारे तार खींचकर जान जोखिम में डालकर मोटर चला रहे हैं।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्र होने से बना रहता है अनहोनी का डर
किसानों ने आवेदन में उल्लेख किया है कि बलियारी गांव सोन और कोयल नदी के तट पर स्थित है। मानसून के दौरान खेतों में नदी का पानी भर जाता है। ऐसी स्थिति में बांस-बल्ली के सहारे ले जाई गई बिजली की लाइन से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। किसी भी संभावित दुर्घटना को रोकने और किसानों के हित को देखते हुए तत्काल पक्के पोल, तार और ट्रांसफार्मर की व्यवस्था करने की मांग की गई है।
भाजपा नेता ने रांची तक पहुंचाई किसानों की आवाज
भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रामलाला दुबे ने किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए विद्युत कार्यपालक अभियंता (गढ़वा) के साथ-साथ विद्युत निदेशक (धुर्वा, रांची) को भी पत्र लिखा है। उन्होंने आग्रह किया है कि न केवल बलियारी, बल्कि जिले के उन सभी क्षेत्रों में बिजली पहुंचाई जाए जहां किसान सिंचाई के लिए परेशान हैं।
आवेदन सौंपने वालों में मुख्य रूप से भाजपा मंडल अध्यक्ष शशि रंजन दुबे, भाजपा किसान मोर्चा कार्य समिति सदस्य रामलला दुबे,बसंत दुबे, भरत दुबे, रवि रंजन दुबे सहित लगभग 50 किसानों के हस्ताक्षर शामिल हैं। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आगे के कदम उठाने को विवश होंगे।