गढ़वा: जिले में आगामी एमडीए (मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन) अभियान को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से आज समाहरणालय सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी श्री दिनेश यादव की अध्यक्षता में प्रथम जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उप विकास आयुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा, अनुमंडल पदाधिकारी गढ़वा संजय कुमार, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय यशोधरा,सिविल सर्जन डॉ जॉन एफ कैनेडी, जिला शिक्षा पदाधिकारी कैसर रजा, जिला शिक्षा अधीक्षक अनुराग मिंज, बेसिक शिक्षा पदाधिकारी, डीपीएम जेएसएलपीएस, जिला कृषि पदाधिकारी, जिले के सभी एमओआईसी सहित स्वास्थ्य, शिक्षा एवं अन्य संबंधित विभागों के वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिले में प्रस्तावित एमडीए राउंड को प्रभावी, सुरक्षित एवं शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इसमें विशेष रूप से विभागीय समन्वय, जन-जागरूकता गतिविधियाँ, दवा वितरण की रणनीति, प्रशिक्षण व्यवस्था, माइक्रोप्लानिंग, तथा निगरानी एवं पर्यवेक्षण तंत्र को सुदृढ़ करने पर जोर दिया गया।
बैठक में जानकारी दी गई कि मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एमडीए) कार्यक्रम 10 फरवरी से 25 फरवरी तक जिले के चिन्हित एवं प्रभावित क्षेत्रों में संचालित किया जाएगा। यह अभियान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेराल, नगर उंटारी, भवनाथपुर, रंका, गढ़वा तथा गढ़वा शहरी क्षेत्र अंतर्गत संचालित किया जाएगा।
कार्यक्रम के तहत प्रथम दिन (10 फरवरी) सभी आंगनवाड़ी केंद्रों, वार्ड कार्यालयों, स्वास्थ्य उप-केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर बूथ आधारित दवा वितरण किया जाएगा। इसके पश्चात अगले पंद्रह दिनों तक प्रशिक्षित दवा प्रशासकों द्वारा घर-घर जाकर लाभुकों के सामने दवा खिलाई जाएगी, ताकि दवा सेवन सुनिश्चित किया जा सके।
यह भी स्पष्ट किया गया कि यह दवा दो वर्ष से कम आयु के बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं अत्यंत गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को नहीं दी जाएगी। साथ ही, किसी भी परिस्थिति में खाली पेट दवा का सेवन नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई।
उपायुक्त श्री दिनेश यादव ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता फैलाने तथा अभियान की सतत निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि एमडीए अभियान जनस्वास्थ्य से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण कार्यक्रम है, जिसकी सफलता के लिए प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग एवं समाज के सभी वर्गों की सहभागिता आवश्यक है।
बैठक में यह संकल्प लिया गया कि जिले में एमडीए अभियान को पूरी प्रतिबद्धता एवं योजनाबद्ध तरीके से संचालित कर फाइलेरिया उन्मूलन के लक्ष्य को प्राप्त किया जाएगा।