5 Feb 2026, Thu

प्रखंड प्रमुख चुनाव को लेकर हलचल तेज 19 जनवरी को होगा फैसला,सुरक्षा के रहेंगे पुख्ता इंतजाम,एसडीएम ने किया निरीक्षण

शेयर करें

अनुप सिंह

कांडी: प्रखंड में रिक्त प्रखंड प्रमुख के पद के लिए आगामी 19 जनवरी को होने वाले चुनाव की सरगर्मियां तेज हो गई है। निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, भयमुक्त और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। शनिवार को गढ़वा सदर एसडीएम संजय कुमार ने स्वयं प्रखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।

सुरक्षा और विधि-व्यवस्था पर पैनी नजर निरीक्षण के दौरान सदर एसडीएम संजय कुमार ने निर्वाचन हेतु की गई विधिव्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने बैलेट बॉक्स के सुरक्षित रख-रखाव और मतदान केंद्र की सुरक्षा को लेकर कड़े निर्देश दिए। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके लिए दंडाधिकारियों और अतिरिक्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति के निर्देश प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) राकेश सहाय को दिए गए हैं।

उन्होंने बीडीओ राकेश सहाय को निर्देशित करते हुए कहा कि पंचायत समिति सदस्यों को मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ख्याल रखा जाए। तय कार्यक्रम के अनुसार 19 जनवरी को सुबह 11:00 बजे से निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू होगी, जो दोपहर लगभग 2:00 बजे तक चलेगी। इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर सभी तकनीकी और कागजी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई है। वहीं निरीक्षण के दौरान सदर एसडीएम ने कर्मियों को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वाहन पूरी निष्ठा से करने की हिदायत दी।

प्रशासन की इस सक्रियता से क्षेत्र में चर्चा है कि आगामी 19 जनवरी को प्रखंड प्रमुख का चुनाव पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न होगा। अब सभी की नजरें सोमवार को होने वाले मतदान और उसके परिणाम पर टिकी हैं।

इधर जिला उपयुक्त दिनेश कुमार यादव के द्वारा पंचायत शाखा के तहत एक आदेश पत्र जारी किया है। इस आदेश पत्र के तहत विधि व्यवस्था संधारण हेतु रंका अनुमंडल पदाधिकारी (एस डीओ) रुद्र प्रताप को डंडाधिकारी एवं रंका अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी) रोहित रंजन सिंह को पुलिस बल के साथ प्रति नियुक्त किया गया है।

बताते चले की इस आदेश पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि कुछ पंचायत समिति सदस्यों द्वारा शिकायत प्राप्त हुई कि कुछ चुनाव में भाग लेने से रोके जाने, डराने की कोशिश कुछ आपराधिक तत्व के के द्वारा किए जाने की संभावना है।

इस मौके पर बीडीओ सह सीओ राकेश सहाय, प्रभारी प्रखंड कृषि पदाधिकारी शाहिद अंसारी, अजीत कुमार, अनूप कुमार सहित प्रखंड कार्यालय के कई अन्य कर्मी और अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *