18 Feb 2026, Wed

एसडीएम ने संवेदनशील एवं अति संवेदनशील मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण

शेयर करें

मतदाताओं से संवाद कर स्थानीय विधि व्यवस्था पर लिया फीडबैक, निर्भीक और निष्पक्ष मतदान का आह्वान किया

अनुप सिंह

नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण, स्वतंत्र एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने बुधवार को मझिआंव क्षेत्र के संवेदनशील एवं अति संवेदनशील मतदान केंद्रों का सघन भ्रमण किया। विशेष रूप से मझिआंव नगर पंचायत के वार्ड संख्या 8, 9, 10, 11 एवं 12 स्थित सभी मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर उन्होंने तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध न्यूनतम मूलभूत सुविधाओं पेयजल, शौचालय, विद्युत व्यवस्था, रैंप, प्रतीक्षालय तथा सुरक्षा प्रबंध का जायजा लिया और संबंधित पदाधिकारियों- कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, यह सामूहिक प्राथमिकता है।

इस अवसर पर एसडीएम ने स्थानीय नागरिकों/ मतदाताओं से संवाद कर क्षेत्र की संवेदनशीलता और विधि व्यवस्था से जुड़े बिंदुओं पर फीडबैक प्राप्त किया तथा प्रशासनिक जनविश्वास को सुदृढ़ करने का प्रयास किया। उन्होंने मतदाताओं को आश्वस्त किया कि प्रशासन पूर्णतः सतर्क है और भयमुक्त वातावरण में मतदान सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही सभी से निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की।

उल्लेखनीय है कि मझिआंव नगर पंचायत एवं गढ़वा नगर परिषद सहित सभी नगर निकायों में आगामी 23 फरवरी को मतदान प्रातः 7:00 बजे से संध्या 5:00 बजे के बीच मतदान संपन्न होगा। उसी क्रम में प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियाँ सुनिश्चित की जा रही हैं ताकि लोकतंत्र के इस पर्व को शांतिपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न कराया जा सके।

उन्होंने खजूरी, बीरबंधा, भुसुआ, आमर, बकोइया आदि क्षेत्र में लोगों से फीडबैक लेने के उपरांत मझिआंव बाजार क्षेत्र के प्रमुख मार्गो में भी गश्ती कर आदर्श आचार संहिता के अनुपालन का जायजा लिया।

इस दौरान मतदान केंद्रों से जुड़े स्कूलों के प्रधानाचार्य, शिक्षक, स्थानीय नागरिक मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *