मझिआंव थाना क्षेत्र के तलसबरिया गांव में जल मीनार लगाने को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों में मारपीट हो गई। जिसमें दो लोग घायल हो गए।जिन्हें मझिआंव रेफरल अस्पताल में इलाज के लिए भरती कराया गया। पहले पक्ष के घायल शेख बाबर अली 55वर्ष ने बताया कि अपने घर के पास चापाकल के समीप प्रस्तावित सरकारी जल मीनार लगवा रहे थे, तो तबरेज खान ने उन्हें रोका और विबाद करने लगे। इसी बीच तबरेज की पत्नी ने कुदाल से मारकर मुझे घायल कर दिया।
इधर दूसरे पक्ष के घायल तबरेज खान 60वर्ष ने बताया कि जलमीनार को वे मुखिया द्वारा प्रस्तावित स्थल पर लगवाना चाहते थे। इसी बात पर बाबर खान, उसकी पत्नी एवं लड़की ने लाठी व कुदाल से मारकर घायल कर दिया। बहरहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। इस संबंध में मुखिया महताब आलम ने बताया कि दोनों नासमझी में मारपीट कर लिये हैं, अब थाना में जाकर दोनों पक्ष सुलह कर लेंगे। खबर लिखे जाने तक किसी भी पक्ष द्वारा थाना में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन नही दिया गया था।