मझिआंव:-नगर पंचायत क्षेत्र के लगभग एक दर्जन से अधिक जगहों पर जलजमाव के कारण जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है।इन दिनों अनवरत हो रही बरसात के कारण लोगों के घरों में भी पानी घुस गया है।इतना ही नहीं नगर पंचायत क्षेत्र के अधिकतर वार्डों में बना पीसीसी पथ जल जमाव के आगोश में समा गया है।जिसके कारण उसी जलजमाव से से होकर लोग आने जाने को मजबूर है।वार्ड नंबर 3 के मझिआंव खुर्द गांव में जाने वाला पीसीसी पथ एवं घर के सामने पिछले लगभग एक माह से अधिक समय से दो से ढाई फीट पानी भरा हुआ है।इधर इस संबंध में भुक्तभोगी संतु सिंह,जितेंद्र सिंह,नारद दुबे,विनय कुमार विश्वकर्मा,नागेंद्र गुप्ता,जितेंद्र प्रसाद,विनय कुमार आदि लोगों ने कहा कि जलजमाव की समस्या के समाधान को लेकर नगर पंचायत कार्यालय में पिछले वर्षों से अर्जी भी लगाई जा रही है।लेकिन नगर पंचायत के द्वारा सार्थक पहल नहीं किए जाने के कारण हम सभी नारकीय जीवन जीने को विवश है।हालांकि नगर पंचायत के द्वारा पिछले वर्षों से अस्थाई समाधान की नाकाम कोशिश की जा रही है।पर अभी तक नगर पंचायत को सफलता नहीं मिली है।कुल मिलाकर ये कहा जा सकता है कि नगर पंचायत कि सारी कवायद फेल हो चुकी हैं।
नगर पंचायत ही करवा सकती है स्थाई समाधान
साथ ही लोगों ने कहा कि अगर नगर पंचायत चाहे तो टेंडर निकाल कर सड़क के किनारे नाला का निर्माण करवा सकती। कहा कि जबतक सड़क किनारे स्थाई नाला का निर्माण नहीं हो जाता तबतक जलजमाव की समस्या यथावत बनी रहेगी।इसके बावजूद भी नगर पंचायत के पदाधिकारी चुप्पी साधे है जो समझ से परे है।
क्या कहा कार्यपालक पदाधिकारी ने
इधर इस संबंध में कार्यपालक पदाधिकारी शैलेश कुमार ने कहा कि लोगों के द्वारा आवेदन मिलने के पश्चात वार्ड वाइज ड्रेनेज और डीपीआरओ बनाकर सरकार के पास भेजी जाएगी।