22 Mar 2026, Sun

सतबहिनी झरना तीर्थ स्थल दिखेगा नए कलर में, झंडोत्तोलन एवं यज्ञ को लेकर की जा रही है तैयारी

शेयर करें

अनुप सिंह

कांडी : प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सतबहिनी झरना तीर्थ में गणतंत्र दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर समिति के अध्यक्ष विधायक नरेश सिंह झंडोत्तोलन करेंगे। आजाद भारत के 76 वें गणतंत्र दिवस समारोह का मां सतबहिनी झरना तीर्थ एवं पर्यटन स्थल विकास समिति के द्वारा भी भव्य आयोजन किया गया है। इस दौरान 26 जनवरी 2026 को समिति के अध्यक्ष एवं विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक नरेश प्रसाद सिंह 11:00 बजे राष्ट्रीय झंडा तिरंगा फहराएंगे। इस अवसर पर समिति के सभी कोटि के सदस्य यथा विशिष्ट स्थाई सदस्य, स्थाई सदस्य व सामान्य सदस्य सहित बड़ी संख्या में आम जनता उपस्थिति रहेगी।

इसकी जानकारी देते हुए समिति के सचिव पंडित मुरलीधर मिश्रा ने कहा कि यह समिति झारखंड हिंदू धार्मिक न्यास बोर्ड की एक निबंधित इकाई है। लिहाजा यहां पर प्रत्येक राष्ट्रीय त्योहार का समारोह पूर्वक आयोजन किया जाता है। इसके साथ ही प्रतिवर्ष की तरह ही इस वर्ष भी सतबहिनी झरना तीर्थ में मानस महायज्ञ का 26 वां विराट आयोजन किया जा रहा है। इसके लिए समिति एवं आम जनों की कई टोलियों के द्वारा सघन जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान सतबहिनी झरना तीर्थ के श्रद्धालुओं के द्वारा बढ़-चढ़कर अपना अंशदान भी समर्पित किया जा रहा है। उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि जिला मुख्यालय स्थित प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान सह छात्रावास साउथ प्वाइंट पब्लिक स्कूल के निर्देशक सह सतबहिनी झरना विकास समिति के विशिष्ट स्थाई सदस्य रामनंदन सिंह के द्वारा प्रतिवर्ष दिए जा रहे 11000 रुपए की जगह इस वर्ष 21 हजार रुपए अपने अंशदान के रूप में समर्पित किया गया है। इसके साथ ही अवकाश प्राप्त प्रधानाध्यापक अवनिंद्र मिश्रा के द्वारा 11 हजार की राशि प्रदान की गई है। वहीं क्षेत्र के सतबहिनी के प्रति सदियों से समर्पित गांव खुटहेरिया के निवासी हरिहर विश्वकर्मा के द्वारा मानस महायज्ञ एवं सतबहिनी झरना तीर्थ के विकास के लिए 1,25,000 रुपए दान की घोषणा की गई है। इसमें से उन्होंने तत्काल 21000 रुपए नगद प्रदान कर दिए। मौके पर उपस्थित ज्योतिर्विद पंडित मुरलीधर मिश्र सहित समिति के अन्य लोगों ने इन दानवीरों की सतत प्रगति के लिए भगवती सतबहिनी से प्रार्थना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *