7 Mar 2026, Sat

पंचायत में आयोजित पंचायत स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मैच हुआ संपन्न

शेयर करें

अनुप सिंह

कांडी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत हरिहरपुर ओपी क्षेत्र के मझिगावां पंचायत में आयोजित पंचायत स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मैच शनिवार को खेला गया। मैच का उद्घाटन हरिहरपुर ओपी के एसआई वीरेंद्र चौड़े, मझिगावां मुखिया प्रतिनिधि शंभू नाथ साह तथा उपमुखिया श्रवण पासवान ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। फाइनल मुकाबले में मझिगावां बस्ती की टीम ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भेलवाखाड़ी की टीम ने निर्धारित 16 ओवरों में 4 विकेट खोकर 173 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से सतेंद्र ने सर्वाधिक 44 रन की पारी खेली। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी मझिगावां बस्ती की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पूरी टीम निर्धारित 16 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 140 रन ही बना सकी। मझिगावां बस्ती की ओर से हर्षित चौबे ने सर्वाधिक 82 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत दिलाने में सफल नहीं हो सके।

इस प्रकार भेलवाखाड़ी की टीम ने मुकाबला जीतकर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया। मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए रंजन कुमार को मैन ऑफ द मैच तथा लव उत्कर्ष तिवारी को मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार दिया गया। इस अवसर पर एसआई वीरेंद्र चौड़े ने कहा कि ऐसे पंचायत स्तरीय खेल आयोजनों से स्थानीय युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है और खेल के प्रति उनका उत्साह बढ़ता है।

मौके पर रामप्यारी ठाकुर, राजू चौबे, अरुण मिश्रा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे और मैच का आनंद लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *